मुरादाबाद। बुद्धि विहार स्थित श्री बुआ दाती पार्क में आयोजित साधक निमंत्रण विशाल वार्षिक उत्सव सत्संग का समापन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संध्या समय आयोजित भव्य संकीर्तन कार्यक्रम में महानगर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता पंडित सुधीर शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

संकीर्तन के दौरान जैसे ही भजन-कीर्तन की स्वर लहरियाँ गूंजीं, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां बुआ दाती के जयकारों के साथ संकीर्तन में सहभागिता की और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

मुख्य अतिथि पंडित सुधीर शर्मा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति व सनातन परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को इस सफल एवं अनुशासित कार्यक्रम के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि सेवा और भक्ति का यह संगम वास्तव में प्रेरणादायी है। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।

कार्यक्रम का आयोजन श्री बुआ दाती संकीर्तन मंडल, बुद्धि विहार द्वारा किया गया, जिसमें शोभा यात्रा, पूजा-अर्चना, मां भगवती की ज्योत का प्रकाश, संकीर्तन, आरती एवं भंडारे का सफल आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने देर शाम तक संकीर्तन में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य सेवादार
सरदार जगजीत सिंह, रमेश शर्मा, प्रदीप साराभाई, कृष्ण लाल आहूजा, राजेश सहगल एवं सुशील सक्सेना के साथ-साथ राजीव शर्मा एवं विकास शर्मा की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही। सभी सेवादारों ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के स्वागत, व्यवस्था एवं सेवाभाव में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भक्तगण उपस्थित रहे।

अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के मुख्य सेवादारों ने बताया कि मां बुआ दाती की असीम कृपा से यह वार्षिक उत्सव पूरी श्रद्धा, शांति और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया

भक्ति, सेवा और समर्पण से ओत-प्रोत यह आयोजन श्रद्धालुओं के मन में गहरी आध्यात्मिक छाप छोड़ गया। मां बुआ दाती से सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम का समापन मां बुआ दाती के जयकारों के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
