मुरादाबाद। जनपद को नशे की दलदल में झोंकने की साजिश रच रहे तस्करों पर नागफनी पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 किलो 380 ग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
यह सख्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के स्पष्ट निर्देशों पर, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के कड़े नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली सदर सुनीता दहिया की सीधी निगरानी में की गई।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को गश्त के दौरान थाना नागफनी पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तीन लोगों को दबोच लिया, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपी-नशे के सौदागर
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- मफीजुल रहमान (पश्चिम बंगाल)
- अमरित (मुजफ्फरनगर)
- सोनम (मेरठ)
तीनों आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों से गांजा सप्लाई कर मुरादाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहे थे। पुलिस बरामद तीन मोबाइल फोन के जरिए पूरे नेटवर्क, सप्लायर और फंडिंग चैनल की पड़ताल में जुट गई है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा, जेल की राह तय
बरामदगी के आधार पर थाना नागफनी में मु0अ0सं0 17/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों को जल्द ही न्यायालय में पेश कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नशा कारोबारियों को साफ संदेश-अब बचने की कोई राह नहीं
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि मुरादाबाद को नशा मुक्त बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा—चाहे वह किसी भी राज्य या गिरोह से जुड़ा हो।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस निर्णायक कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार, उ0नि0 देवेन्द्र सिंह, उ0नि0 फरमान त्यागी, उ0नि0 सौरभ सिंह, उ0नि0 केशव त्यागी, महिला उ0नि0 नीशू, आरक्षी अभिषेक कुमार एवं महिला आरक्षी अलका शामिल रहीं।
