मुरादाबाद। शब-ए-बारात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुरादाबाद पुलिस प्रशासन ने नगर क्षेत्र में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 03 व 04 फरवरी 2026 को प्रभावी रहेगी। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चन्द गंगवार द्वारा जारी प्रेस नोट में आमजन से सहयोग की अपील की गई है।
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार दिल्ली, रामपुर, संभल व चंदौसी की ओर से आने वाली सभी रोडवेज एवं प्राइवेट बसों का संचालन अब टीपी नगर बस स्टैंड एवं नया मुरादाबाद एमडीए कार्यालय के सामने बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से किया जाएगा। शहर क्षेत्र में दिल्ली व रामपुर की दिशा से आने-जाने वाली बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा काशीपुर व रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन, जो बिजनौर व हरिद्वार की ओर जाना चाहते हैं, वे अब हनुमान मूर्ति, स्टेशन रोड व फव्वारा चौक जैसे भीड़भाड़ वाले मार्गों से नहीं गुजरेंगे। ऐसे सभी भारी, व्यवसायिक एवं छोटे वाहन हाइवे से टीएमयू अंडरपास, फिर हकीमपुर चौकी व शेरुआ चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी भारी वाहन शहरी क्षेत्र से गुजरने के उद्देश्य से नगर में प्रवेश नहीं करेगा। वहीं बिजनौर व हरिद्वार से काशीपुर व रामपुर जाने वाले वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करेंगे।
भीड़ नियंत्रण के मद्देनज़र 03 फरवरी की शाम 4 बजे से कोहिनूर तिराहा, दससराय पुलिस चौकी, संभल चौराहा एवं गलशहीद चौराहे से ईदगाह की ओर केवल पैदल यात्रियों एवं दोपहिया वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि 03 फरवरी दोपहर 2 बजे से 04 फरवरी प्रातः 4 बजे तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी तथा मालगोदाम से मालवाहक वाहनों का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा। आवश्यकतानुसार समय व व्यवस्था में परिवर्तन भी किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चन्द गंगवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और प्रशासन को सहयोग देकर पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में मदद करें।
