मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव गोधी में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक की हत्या के पीछे उसकी पत्नी और उसके साथियों की साजिश सामने आई है। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रची गई और अंततः उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान अख्तर अली (27) के रूप में हुई है। मृतक के भाई अफसर अली के अनुसार अख्तर 27 जनवरी को घर से किराने का सामान लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद 28 जनवरी को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। दो दिन बाद 30 जनवरी को सिरसवा घोसियान के जंगल में नहर के रुके हुए पानी में उसका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए अफसर अली ने बताया कि अख्तर की पत्नी शबीना का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अख्तर इसका लगातार विरोध कर रहा था, जिस कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी रंजिश में शबीना ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर अख्तर की हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्नी समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस जघन्य वारदात के बाद गांव गोधी सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है@ZAFAR-INN
