मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा। नगर पंचायत ढकिया में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की छत का आधा लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में घर के अंदर मौजूद एक मासूम बच्चे सहित चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। गनीमत रही कि छत का केवल आधा हिस्सा ही गिरा, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। हादसे के समय बच्चा कासिम कमरे में बेड पर सो रहा था, जबकि खालिद और दानिश पास में बैठे हुए थे। वहीं नाजमीन घर के अंदर सामान तलाश रही थीं। अचानक तेज आवाज के साथ छत का हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और चारों लोग मलबे की चपेट में आ गए।

तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल दानिश, नाजमीन, खालिद और मासूम कासिम को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर लेखपाल मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्र की। प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर छत की जर्जर स्थिति को हादसे की वजह माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई मकान पुराने और कमजोर हैं, जिनकी समय रहते जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
