मुरादाबाद।जनपद में शुक्रवार को Student Police Experiential Learning Programme (SPEL) के तृतीय चरण का विधिवत शुभारम्भ किया गया। यह कार्यक्रम आगामी 30 दिनों (एक माह) तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, युवा कार्यक्रम विभाग की मंशा के अनुरूप संचालित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के संज्ञानात्मक विकास, जीवन कौशल को सुदृढ़ करना तथा उन्हें कानून व्यवस्था, आपराधिक प्रक्रिया, अपराध अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर अपराध, मानव तस्करी जैसे संवेदनशील विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है।
SPEL कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं को पुलिस थानों में 30 दिवसीय इंटर्नशिप आधारित अनुभवात्मक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु भारत सरकार द्वारा Yuva Portal भी लॉन्च किया गया है। यह योजना उत्तर प्रदेश सहित देशभर के विभिन्न जनपदों में प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।
इन 09 थानों में दिया जा रहा प्रशिक्षण
तृतीय चरण के अंतर्गत जनपद मुरादाबाद के 09 पुलिस थानों में विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इनमें सिविल लाइन्स, कोतवाली, कटघर, डिलारी, ठाकुरद्वारा, पाकबड़ा, मझोला, गलशहीद एवं मुगलपुरा थाना शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
SPEL प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
कार्यशाला में विशेष रूप से-
- पुलिस विभाग की संरचना (बीट, चौकी/हल्का, थाना, सर्किल, शहरी-ग्रामीण क्षेत्र, जिला, रेंज, जोन एवं प्रदेश स्तर)
- विभिन्न पदाधिकारियों की भूमिका एवं कर्तव्य
- पुलिस यूनिफॉर्म से संबंधित जानकारी
- जनपद एवं राज्य स्तर पर स्थित पुलिस प्रतिष्ठानों की कार्यप्रणाली
पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
SPEL कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी और कानून के प्रति समझ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है, जिससे भविष्य में समाज को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक मिल सकें।
