मुरादाबाद। सेफर इंटरनेट डे 2026 के अवसर पर मुरादाबाद में डिजिटल सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकास भवन स्थित बापू सभागार में “Smart Tech, Safe Choices – Exploring the Safe and Responsible Use of AI” विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री अंकित चौहान ने इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने एआई से जुड़ी बढ़ती साइबर चुनौतियों जैसे डीपफेक वीडियो, नकली आवाज़ कॉल, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को सतर्क किया।
इसके साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन और cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को भी सरल शब्दों में समझाया गया, ताकि पीड़ित बिना किसी झिझक के समय पर रिपोर्ट कर सकें।

कार्यक्रम में जनपद के राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, महिला कल्याण, उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी डिजिटल सुरक्षा और साइबर जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सेफर इंटरनेट डे 2026 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला जनपद में सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार डिजिटल संस्कृति के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम मानी जा रही है।
