मुरादाबाद।राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मुरादाबाद शहर स्थित एसएस चिल्ड्रन एकेडमी गर्ल्स स्कूल में मंगलवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री अनुज सिंह ने छात्राओं को एलबेंडाजोल टेबलेट खिलाकर जिलेभर में अभियान की औपचारिक शुरुआत की

इस मौके पर जिलाधिकारी ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अच्छी आदतें अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से हिंदी और अंग्रेजी समाचार पत्रों तथा पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए, जिससे उनके ज्ञान, सोचने-समझने की क्षमता और तार्किक दृष्टिकोण का विकास होता है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के महत्व और उद्देश्य पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि यह अभियान 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालते हैं, जिससे एनीमिया, कमजोरी, थकान, कुपोषण जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। ऐसे में समय पर दवा खिलाना बेहद आवश्यक है।

डॉ. सिंह ने कृमि संक्रमण से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि बच्चों को नाखून साफ और छोटे रखने चाहिए, हमेशा स्वच्छ पानी पीना चाहिए, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत डालनी चाहिए। इसके अलावा भोजन को ढककर रखें, आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जूते-चप्पल पहनें तथा फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही सेवन करें।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत जिले में कुल 15 लाख 56 हजार 609 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 10 फरवरी को जो बच्चे दवा लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप अभियान के अंतर्गत एलबेंडाजोल टेबलेट दी जाएगी।
