मुरादाबाद।आमजन के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने अवैध औद्योगिक गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी अनुज सिंह के निर्देश पर अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय श्री प्रिंस ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग और पुलिस टीम के साथ थाना मझोला क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला जन्नतबाग, ट्रांसपोर्ट नगर के पास औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर बिना अनुमति संचालित तीन ई-वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और छह मेटल गलाने की भट्ठियां पाई गईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासनिक टीम ने तत्काल सभी इकाइयों को सील करने की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सील की गई इन इकाइयों को दोबारा अवैध रूप से संचालित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए अवैध भट्ठियों और प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिलेभर में अवैध संचालन के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी।
