मुरादाबाद। कांठ रोड स्थित अगवानपुर की दीवान शुगर मिल से ड्यूटी के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हुआ युवक दो दिन बाद अचानक अपने घर लौट आया। युवक की सुरक्षित वापसी से जहां परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार, थाना मझोला क्षेत्र के गांव उत्तमपुर बेलूल निवासी 28 वर्षीय अरविंद कुमार, पुत्र राजेंद्र सिंह, पिछले वर्ष नवंबर से दीवान शुगर मिल में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले वह मिल में गन्ना क्रशर मशीन पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई थी। परिजनों द्वारा शोर मचाया गया था कि मशीन की चपेट में आकर उसका कचूमर निकल गया है और वह जीवित नहीं बचा है। इसके बाद हड़कंप मच गया था। परिवार द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस भी सक्रिय हुई और युवक की खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच बुधवार को अरविंद अचानक अपने घर पहुंच गया। उसकी सकुशल वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में लापता हुआ और इन दो दिनों में वह कहां रहा।

हालांकि युवक के वापस लौटने से एक बड़ा अनहोनी टल गई है, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
