मुरादाबाद। जनपद के मझोला थाना क्षेत्र के करुला जयंतीपुर स्थित सफेद कोठी के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 50 वर्षीय रुखसाना पत्नी शकील की उनके ही सबसे बड़े दामाद दिलनवाज उर्फ टुट्टन ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
रुखसाना चार बेटियां और तीन बेटों की मां थीं सबसे बड़ी बेटी साहिबा की शादी दिलनवाज से हुई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दिलनवाज अपने एक दोस्त के साथ ससुराल पहुंचा था।

घर में बैठकर की शराब पार्टी, फिर हुआ विवाद
घटना की चश्मदीद रुखसाना की दूसरी बेटी जैनब ने बताया कि दिलनवाज नशा करने का आदी है। वह घर में बैठकर शराब पी रहा था और खाना भी खाया। इस दौरान उसकी मां रुखसाना ने उसे नशा छोड़ने और सुधर जाने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
जैनब के मुताबिक, बहस के दौरान दिलनवाज ने अपनी अंटी (कमर) से तमंचा निकाल लिया और रुखसाना को डराने लगा। उसने एक बार ट्रिगर दबाया, लेकिन तमंचा खाली था। इससे घरवालों को लगा कि वह मजाक कर रहा है। इसके बाद दिलनवाज ने अपने एक दोस्त को अंदर बुलाया और खुद वाशरूम चला गया।

‘खिलौना अपने पास रखो’ कहना पड़ा भारी
वाशरूम से लौटने के बाद दिलनवाज ने फिर से रुखसाना को धमकाते हुए कहा कि अब तुम दामाद-बहू वाली हो गई हो, सुधर जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा। इस पर रुखसाना ने कहा कि “जाओ, अपने इस खिलौने से मुझे मत डराओ, इसे अपने पास रख लो।”
इतना सुनते ही दिलनवाज ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे रुखसाना के सीने में लगी और वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोग उन्हें संभालते इससे पहले ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद दिलनवाज और उसका साथी मौके से भाग निकले। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस तुरंत पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और नशे की हालत में की गई हत्या का प्रतीत होता है। मृतका की बेटी जैनब की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। आरोपी दिलनवाज की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
