मुरादाबाद। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में थाना सिविल लाइन के विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फीडबैक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क प्रार्थना पत्र रजिस्टर, महिला बीट रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अभिलेखों के रख-रखाव, शिकायतों के निस्तारण एवं महिलाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बीट प्रणाली को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कार्य में और अधिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।
