पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे शहर में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई है। झटके लगते ही लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों पर पहुंच गए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में बताया जा रहा है। झटके कुछ ही सेकंड तक महसूस हुए, लेकिन शहर के कई इलाकों में लोगों ने फर्नीचर हिलने और इमारतों के कांपने की बात कही।
कई दफ्तरों में कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत बिल्डिंग खाली कर दी और खुले स्थानों पर इकट्ठा हो गए। सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें भूकंप के बाद लोग बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था और यह कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित है।
