मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पंचायत भवन सभागार, मुरादाबाद में महिला कल्याण विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने देखा।

कार्यक्रम में पिछले वर्ष की यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा 10 और कक्षा 12 की 10-10 मेधावी छात्राओं को ₹5000-₹5000 की धनराशि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 खिलाड़ियों को भी ₹5000-₹5000 के डमी चेक प्रदान किए गए। इस प्रकार कुल 30 बालिकाओं को आर्थिक प्रोत्साहन देकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग की 5-5 शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्यों, चिकित्सा विभाग की 5 एएनएम और 5 आशा कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की 10 स्वयं सहायता समूह की सदस्यों, पंचायती राज विभाग की 5 महिला ग्राम प्रधानों तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की 10 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में श्रीमती आरती गुप्ता (चेयरपर्सन, पॉश एक्ट), श्रीमती वंदना शंखधर (सहायक अध्यापिका, कंपोजिट स्कूल), सुश्री जसजीत कौर (आईआईटीओ गोहटी), श्रीमती नीतू सक्सेना (डीएलएसए) और श्रीमती कमला देवी (मल्टी टास्किंग स्टाफ, प्रधान डाकघर) को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। महिला कल्याण विभाग की ओर से मिशन शक्ति के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कार्यक्रम में कुल 96 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कौशल्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना पर आधारित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
अतिथियों ने महिलाओं के योगदान को सराहा
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अल्पना गुप्ता (संयोजिका, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ) और श्रीमती प्रिया अग्रवाल (प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने प्रतिभागियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए। उन्होंने महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में बढ़ते योगदान की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक महिला कल्याण राजेश चंद्र ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
