मुरादाबाद। शहर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक पुराने खंडहर में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मामला जीआरपी थाना क्षेत्र की राम तलैया चौकी इलाके का है। रेलवे स्टेशन के पास बने एक जर्जर खंडहर में सोमवार सुबह एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने जब खंडहर के अंदर युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो पास जाकर देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी ही देर में सीओ भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने खंडहर के आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोनू पुत्र भागवत सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद संभल के थाना नखासा क्षेत्र के हाथिम सराय होली चौक का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया गया कि सोनू पिछले करीब 10 वर्षों से मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में पानी बेचने का काम करता था और स्टेशन के आसपास ही अधिकतर समय बिताता था। वह काशीराम क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के छोटे भाई मोनू ने बताया कि वे चार भाई हैं, जिनमें सबसे बड़े सोनू थे। मोनू ने बताया कि सोमवार सुबह किसी व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनके भाई सोनू की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह अपना काम छोड़कर मुरादाबाद पहुंचे और घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि उनके भाई का शव खंडहर में पड़ा हुआ था।

मोनू ने आरोप लगाया कि उनके भाई के गले पर निशान बने हुए थे, जिससे उन्हें आशंका है कि उनके भाई की हत्या की गई है। उनका कहना है कि मामला संदिग्ध है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस टीम हिरासत में लिए गए युवक से लगातार पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
