मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर के मोहल्ला नावपुर में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया और देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर पथराव व लाठी-डंडे चलने लगे। इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि भोजपुर के मोहल्ला नावपुर में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। पहले तो लोगों ने इसे सामान्य झगड़ा समझकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में यह बात दोनों पक्षों के परिजनों तक पहुंच गई। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और एक पक्ष पप्पू, इस्लाम, अयान और दूसरे पक्ष जुबेर, भूरा और नाजिम पहलवान पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि एक के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे और लाठी-डंडों से भी हमला किया गया। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार झगड़ा इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में कई लोग घायल हो गए। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें पथराव और मारपीट की घटना सामने आई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी@ZAFAR-INN
