मुरादाबाद। कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह सोमवार को विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी नगर के नुरुल्ला मोहल्ला में मौलाना रफी अंसारी के यहां आयोजित रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रोज़ा रखे लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सभी को पवित्र माह रमज़ान की मुबारकबाद दी।

इफ्तार कार्यक्रम के दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने रोज़ेदारों के साथ बैठकर संवाद किया और आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना लोगों को संयम, सेवा और आपसी प्रेम का संदेश देता है। समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलजुल कर रहते हैं, जो क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आपसी मेलजोल को बढ़ाते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं।

इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य लोग, क्षेत्रीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में रोज़ेदार उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ इफ्तार कर एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के आयोजक मौलाना रफी अंसारी ने विधायक का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
