मुरादाबाद। शहर में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। पहले जहां गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर की होम डिलीवरी आसानी से हो जाती थी, वहीं अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को खुद गैस एजेंसियों पर जाकर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। गैस की कमी के कारण कई उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग हाथों में बुकिंग रसीद लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले फोन या ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक करने के बाद सिलेंडर घर तक पहुंच जाता था, लेकिन अब बुकिंग नंबर पर भी कॉल नहीं लग रही है और डिलीवरी में काफी देरी हो रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार बुकिंग कराने के बावजूद समय पर गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मजबूरी में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पर पहुंचकर लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि घंटों इंतजार करने के बाद भी कई बार सिलेंडर खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है।
इस बीच ईद का त्योहार नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। त्योहार के समय घरों में भोजन बनाने और मेहमानों के आने-जाने के कारण गैस की जरूरत अधिक होती है। ऐसे में सिलेंडर की कमी से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू गैस की मांग पूरी करने के लिए कई स्थानों पर व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की आपूर्ति भी सीमित कर दी गई है। वहीं लोगों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति में कमी का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है।

स्थानीय निवासी आरिफ ने बताया कि पहले फोन पर गैस बुक करने के बाद सिलेंडर घर तक पहुंच जाता था, लेकिन अब कई बार कॉल करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो पा रही है। मजबूरी में एजेंसी पर आकर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईद का समय है, ऐसे में घर में गैस होना बेहद जरूरी है, इसलिए प्रशासन और गैस एजेंसियों को जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

शहरवासियों ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से मांग की है कि एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सुचारु किया जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।
