मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को जिले में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी चेक की गई।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली, कटघर और सिविल लाइंस ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर मौजूद पुलिस बल की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश व्यवस्था की बारीकी से जांच की। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।

परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों की चेकिंग के बाद ही उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे। इसके अलावा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस की मोबाइल टीमें और अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

मुरादाबाद पुलिस द्वारा परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सतर्क रहते हुए अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
