भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। भवानीपुर वही सीट है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं और वर्तमान में विधायक भी हैं।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट से सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीएमसी के विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने भवानीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिससे ममता बनर्जी ने वहां हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर फिर से विधानसभा में वापसी की थी।
