नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बीते दिन सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी लगातार उनके इस्तीफा की मांग कर रहे थे. नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने ऐलान कर दिया है कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है.
काठमांडू में विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया है. प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन के भीतर प्रवेश कर दोनों सदनों में आग लगा दी. पूरा संसद भवन अब प्रदर्शनकारियों के कब्जे में है. नेपाल में प्रदर्शनकारी बेकाबू हो गए हैं. जैसे ही वे संसद भवन में घुसे वैसे ही उन्होंने वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को पकड़ लिया और सड़क पर पीटते हुए नजर आए हैं.
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक सुरक्षा कारणों से त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (TIA) पर सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. कोटेश्वर इलाके में धुआं फैलने के बाद यह कदम उठाया गया.
नेपाल में विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ रहे हैं और नेताओं पर दबाव गहराता जा रहा है. प्रदर्शनकारियों के डर के चलते मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. इसके अलावा मधेश, लुम्बिनी, गंडकी और सुदूर पश्चिम प्रदेश के कई मुख्यमंत्री दफ्तर प्रदर्शनकारियों के कब्जे में आ गए हैं. राजधानी और विभिन्न प्रदेशों में प्रदर्शनकारी पथराव और घेराव कर रहे हैं. लगातार बढ़ती हिंसा और अस्थिरता के बीच राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है.
