मुरादाबाद। मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर के ग्राम पंचायत इस्लामपुर रमपुरा स्थित सचिवालय परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान मंडलायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखी।

ग्रामीणों ने श्मशान स्थल तक संपर्क मार्ग न होने की समस्या उठाई, जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी सार्वजनिक स्थलों तक पहुंच मार्ग होना अनिवार्य है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को जल्द से जल्द सड़क निर्माण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में जलनिकासी की समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।

शिक्षा के मुद्दे पर मंडलायुक्त ने अभिभावकों से संवाद कर बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई की गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को स्कूल जरूर भेजें और उनकी पढ़ाई पर दैनिक नजर रखें। आंगनवाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने बच्चों की संख्या, गतिविधियों और विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों को मिट्टी के खिलौने बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, जिससे उनका समग्र विकास हो सके।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने एएनएम से टीकाकरण की स्थिति जानी और गांव में गर्भवती महिलाओं व बच्चों के आंकड़ों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी टीके समय पर लगवाएं, ताकि बच्चों को गंभीर बीमारियों और स्थायी दिव्यांगता से बचाया जा सके। कुपोषण पर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

टीबी नियंत्रण पर उन्होंने कहा कि लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं, क्योंकि जांच और इलाज दोनों ही सरकारी स्तर पर निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते समय पर इलाज लिया जाए।

स्वच्छता पर जोर देते हुए मंडलायुक्त ने सभी को शौचालय के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया और महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ बच्चे को जन्म देती है, इसलिए मातृ स्वास्थ्य बेहद महत्वपूर्ण है।

इसके अलावा उन्होंने राशन वितरण, बिजली आपूर्ति, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री और पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर गजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
