मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने क्षेत्र में आयोजित विभिन्न ईद मिलन समारोहों में सक्रिय भागीदारी कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की। उन्होंने ग्राम पंचायत रूपपुर, डोम घर, चक फाजलपुर, गदीपुर, सैफपुर चित्तू, भीखनपुर कुलवाड़ा और कुंदरकी समेत कई स्थानों पर पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात की और उन्हें दिल से ईद की मुबारकबाद दी।

इस दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का जगह-जगह गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और उनके जनसंपर्क व विकास कार्यों की सराहना की। ईद मिलन कार्यक्रमों में उन्होंने लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।

अपने संबोधन में ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि ईद का पावन पर्व हमें प्रेम, त्याग, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और विविधता में एकता है, जिसे हमें हर हाल में बनाए रखना है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि धर्म और जाति से ऊपर उठकर समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करें।

विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और सभी वर्गों का सम्मान उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुंदरकी क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा, ताकि हर गांव और हर व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंच सकें।

कार्यक्रमों के अंत में ठाकुर रामवीर सिंह ने एक बार फिर सभी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए।
