मुरादाबाद। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मेथोडिस्ट चर्च कॉलोनी में शुक्रवार रात एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर फंदे से लटका शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे की स्थिति, फंदे और अन्य साक्ष्यों को ध्यानपूर्वक देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान निखिल उर्फ मिंटू (पुत्र ज्ञान) के रूप में हुई है। वह कांठ रोड स्थित एक डेंटल कॉलेज में कार्यरत शिक्षक विमल का छोटा भाई था। निखिल ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और दिल्ली से फूड विभाग में सरकारी नौकरी से जुड़ी ट्रेनिंग लेकर लौटा था।

परिजनों के मुताबिक, निखिल पिछले कुछ समय से नौकरी को लेकर मानसिक दबाव में था। हालांकि घटना से पहले उसका व्यवहार सामान्य बताया जा रहा है। परिवार के अनुसार, रात में वह मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। मां के खाने के लिए बुलाने पर उसने थोड़ी देर में आने की बात कही और तीसरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया।

अगली सुबह जब भाई विमल उसे जगाने गया, तो कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा खोलने पर निखिल का शव चादर के सहारे फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे मानसिक तनाव या निजी कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मेरठ में रह रही मृतक की दोनों बड़ी बहनें भी मुरादाबाद के लिए रवाना हो गई हैं।
