मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। फव्वारा चौक के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फरदीन के रूप में हुई है, जो थाना गलशहीद क्षेत्र के ईदगाह इलाके का रहने वाला था। फरदीन पेशे से पॉलिश का काम करता था। वहीं, हादसे में घायल युवक मुकर्रम बताया जा रहा है, जो थाना कटघर क्षेत्र के मकबरा इलाके का निवासी है।

बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाइक से हर्बल पार्क से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फव्वारा चौक के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुकर्रम को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, फरदीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फव्वारा चौक पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
