नेपाल में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. सेना ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए पूरे देश में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है. यह कर्फ्यू शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा. नेपाल के बांके जिले के नौबस्ता स्थित क्षेत्रीय जेल और किशोर सुधार गृह में हुई झड़प में पांच लोगों की मौत हो गई. झड़प के दौरान 585 कैदियों में से 149 और हिरासत में रखे गए 176 बंदियों में से 76 बंदी फरार हो गए.
काठमांडू की ताजा तस्वीरें नेपाल की गंभीर स्थिति बयां कर रही हैं. प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के एक दिन बाद राजधानी की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है. जगह-जगह इमारतें जली हुई हालत में दिखाई दे रही हैं. बीते दिनों हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं. प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है.
नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच काठमांडू का त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पूरी तरह बंद कर दिया गया है. एयरपोर्ट प्रबंधन ने जानकारी दी कि बुधवार शाम 6 बजे तक सभी उड़ानें रोक दी गई हैं. इसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ निजी हेलिकॉप्टर सेवाएं भी शामिल हैं. आगमन और प्रस्थान दोनों ही सेवाओं को स्थगित कर दिया गया है.
