गरीबों और कमजोर वर्ग की जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है. बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी कीमत पर भूमाफियाओं और दबंगों को बख्शा न जाए. उन्होंने साफ कहा कि गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों को तुरंत सबक सिखाया जाए और जमीन कब्जामुक्त कराई जाए. सीएम ने अधिकारियों को आगाह किया कि ऐसी शिकायतों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. हर पीड़ित को न्याय दिलाना और उनके जीवन में खुशहाली लाना ही सरकार की प्राथमिकता है.
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में बुधवार सुबह जनता दर्शन का आयोजन हुआ. करीब 200 लोग अपनी समस्याओं और प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे. खास बात यह रही कि सीएम खुद कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे, उनके हालचाल पूछे और ध्यानपूर्वक हर शिकायत सुनी. एक-एक कर लोगों की बात सुनने के बाद सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण त्वरित और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाए.
जनता दर्शन में एक महिला ने सीएम से कहा कि दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है. इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया कि बिना देरी के जमीन कब्जामुक्त कराई जाए. साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि भविष्य में दोबारा किसी गरीब या कमजोर की जमीन पर कब्जा न हो, इसकी पुख्ता व्यवस्था की जाए.
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के प्रार्थना पत्रों पर तुरंत कार्यवाही की जाए. इलाज से जुड़े एस्टीमेट और अन्य कागजी कार्यवाही को तेजी से पूरा कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बिना देरी के मदद मिल सके.
