कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत मंगलवार (24 मार्च 2026) को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबर मिलते ही उनके बेटे और लोकसभा में नेता विपक्ष Rahul Gandhi और बेटी Priyanka Gandhi Vadra भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी जांच में लगी हुई है, लेकिन अभी तक अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक हेल्थ अपडेट जारी नहीं हुआ है।
इससे पहले जनवरी 2026 में भी उनकी सेहत बिगड़ी थी, जब उन्हें करीब छह दिन तक अस्पताल में रहकर इलाज कराना पड़ा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उनका इलाज घर पर जारी रहा था।
बताया जाता है कि 5 जनवरी 2026 को उन्हें सांस लेने में परेशानी होने के कारण देर रात अस्पताल ले जाया गया था। उस समय डॉक्टरों ने माना था कि ठंड और बढ़ते प्रदूषण के चलते उनकी हालत प्रभावित हुई थी और जांच में ब्रोंकियल अस्थमा के हल्का बढ़ने की बात सामने आई थी।
79 वर्षीय सोनिया गांधी को खांसी और सांस से जुड़ी दिक्कतें पहले से रही हैं, जिसके चलते वह नियमित रूप से मेडिकल चेकअप कराती रहती हैं। इससे पहले जून 2025 में हिमाचल प्रदेश के दौरे के दौरान भी उनकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद पहले शिमला और फिर दिल्ली में उनका इलाज कराया गया था।
