प्रयागराज महाकुंभ 2025 के लिए उत्तर प्रदेश रोडवेज ने बड़े पैमाने पर बस सेवाएं चलाने की योजना बनाई है. इसमें 200 एसी, 6800 साधारण और 550 शटल बसें शामिल होंगी. शटल सेवा में 150 ई-बसें भी चलेंगी, जो विभिन्न जिलों से अगले महीने संगम नगरी आनी शुरू हो जाएंगी. 

इन बसों का संचालन तीन चरणों में होगा. पहला चरण- 12 जनवरी से 23 जनवरी, दूसरा चरण- 24 से सात फरवरी और तीसरा चरण- आठ से 27 फरवरी तक है. 

पहले व तीसरे चरण में प्रयागराज समेत 10 रीजन की 3050 बसें संचालित की जाएंगी. दूसरे चरण में मौनी अमावस्या एवं बसंत पंचमी का स्नान पर्व है, उस दौरान प्रदेश के सभी 19 रीजन की सात हजार बसों का संचालन होगा. दूसरे चरण में गाजियाबाद रीजन की सर्वाधिक 600 बसें संचालित होंगी.  वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट समेत 17 रूट पर 550 शटल बसें चलेंगी. इसके अलावा शहर में जाम से बचने के लिए आठ अस्थाई  बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं.