मुरादाबाद। विकासखंड भोजपुर स्थित नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष फरखंदा जबीं के प्रतिनिधि अर्शमान अख्तर ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान एक संक्षिप्त विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। अर्शमान अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक भेदभाव और असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और वंचित एवं शोषित वर्गों को समाज की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। उन्होंने भारतीय संविधान की रचना कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया, जो आज भी देश की एकता और अखंडता की आधारशिला है।
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की स्थापना संभव है। युवाओं को विशेष रूप से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुहम्मद लईक, लिपिक फिरासत हुसैन, रिंकू पाल, तंजीम, यूसुफ, जरीफ सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया@जफर-INN
