मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के नारायणपुर छंगा गांव में गुरुवार देर रात एक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली झगड़ा देखते ही देखते पथराव में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। हंगामे के दौरान पास में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी एवं भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह के जन्मदिन के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने आए कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियां गांव में स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास खड़ी कर दीं। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव होने लगा। इस दौरान प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा। प्राप्त जानकारी के अनुसार जब एक पक्ष ने गाड़ी खड़ी करने का विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए। एक पक्ष ने दावा किया है कि इस झड़प में उनके पक्ष के सात लोग घायल हुए हैं।

वहीं दूसरे पक्ष के अजय प्रताप सिंह का कहना है कि उन्होंने ही करीब दो वर्ष पहले ग्राम समाज की भूमि पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराई थी। उनका आरोप है कि कुछ लोग वहां कूड़ा डालते थे, जिसका विरोध किया जा रहा था।

इसी बीच गाड़ियों की पार्किंग को लेकर स्थिति बिगड़ गई और पथराव हो गया। उन्होंने बताया कि उनके पक्ष के चार लोग इस घटना में घायल हुए हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद का है। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार का जातीय तनाव नहीं है।
