यूपी बोर्ड के करीब 52 लाख छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आधिकारिक तौर पर 10वीं और 12वीं के रिजल्ट की तारीख घोषित कर दी है। बोर्ड के मुताबिक, साल 2026 का परिणाम 23 अप्रैल, गुरुवार को शाम 4 बजे जारी किया जाएगा। रिजल्ट की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाएगी, जिसके बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट्स पर अपना परिणाम देख सकेंगे।
छात्र अपना रिजल्ट upmsp.edu.in, upresult.nic.in और results.upmsp.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिलॉकर और UMANG App ऐप के जरिए भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है, साथ ही एसएमएस से भी रिजल्ट प्राप्त करने की सुविधा रहेगी।
बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, रिजल्ट की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और फिलहाल अंतिम तकनीकी जांच चल रही है। मेरिट लिस्ट में आने वाले छात्रों का वेरिफिकेशन भी लगभग पूरा हो चुका है। इस साल 10वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 24 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल तक चला, जिसमें डेढ़ लाख से ज्यादा परीक्षकों ने करीब तीन करोड़ कॉपियों की जांच की।
रिजल्ट ऐसे करें चेक:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- 10वीं या 12वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें
- अपना रोल नंबर दर्ज करें
- सबमिट करते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा
- मार्कशीट डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें
डिजिलॉकर पर रिजल्ट देखने के लिए छात्र digilocker.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर और आधार से लॉगइन कर सकते हैं और अपनी डिजिटल मार्कशीट प्राप्त कर सकते हैं।
