नेपाल की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री बालेन शाह की सरकार में गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि गुरुंग ने अपना इस्तीफा सीधे प्रधानमंत्री को सौंप दिया और इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की।
गृहमंत्री सुदन गुरुंग पर आय से अधिक संपत्ति, मनी लॉन्ड्रिंग और एक विवादित कारोबारी से जुड़ी कंपनियों के शेयर खरीदने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों के चलते वे पिछले कुछ समय से लगातार आलोचनाओं के घेरे में थे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पद संभालने के साथ ही मंत्रिपरिषद का गठन किया था और उसी दिन सुदन गुरुंग को गृहमंत्री बनाया गया था। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरी थीं।
अपने इस्तीफे में सुदन गुरुंग ने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी से काम किया, लेकिन हाल में उठे सवालों और जनचिंताओं को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए पद से ज्यादा महत्वपूर्ण नैतिकता और जनता का विश्वास है। साथ ही, देश में पारदर्शिता और जवाबदेही की बढ़ती मांग को भी उन्होंने अपने फैसले की एक बड़ी वजह बताया।
