उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में आज भारतीय वायुसेना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयरस्ट्रिप पर बड़ा युद्धाभ्यास कर रही है। करीब 3.2 किलोमीटर लंबी इस स्ट्रिप पर सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर और तेजस जैसे फाइटर जेट्स के साथ सी-295 और एएन-32 जैसे परिवहन विमान हिस्सा ले रहे हैं।
इस अभ्यास का मकसद आपातकाल की स्थिति में हाईवे को रनवे के तौर पर इस्तेमाल करने की तैयारी को परखना है। सुरक्षा के लिहाज से एक्सप्रेस-वे के 12 किलोमीटर हिस्से को बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को 1 मई तक डायवर्ट किया गया है।
एयर शो दो चरणों में हो रहा है। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और फिर शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक विमानों के करतब दिखाए जा रहे हैं। इस दौरान फाइटर जेट्स ‘टच एंड गो’ ड्रिल कर रहे हैं, वहीं एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर से स्पेशल फोर्सेस की स्लिदरिंग एक्सरसाइज भी हो रही है।
यह एयरस्ट्रिप खास तौर पर भारी लड़ाकू विमानों के लिए बनाई गई है, जिसकी मोटाई 320 मिमी है। युद्ध के समय यह हाईवे वायुसेना के लिए बैकअप रनवे का काम करता है, ताकि जरूरत पड़ने पर यहां से भी ऑपरेशन जारी रखे जा सकें।
इस एयर शो को देखने के लिए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में छतों और खुले स्थानों पर जुटे। बता दें कि इस एयरस्ट्रिप का उद्घाटन 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, और इससे पहले भी यहां कई बार ऐसे अभ्यास हो चुके हैं।
