उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चंबा–कोटि मार्ग पर नैल के पास एक कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। गाड़ी में करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से 8 की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो घायलों को बाहर निकाला गया है। घायलों में एक की पहचान उत्तम कुमार (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के निवासी थे और हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। जिला प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो चुकी है।
इससे पहले लखीमपुर खीरी में भी एक बड़ा हादसा हुआ, जहां मुंडन कार्यक्रम में जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, मिर्जापुर में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ब्रेक फेल ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक कार में सवार लगभग 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों में आग लग गई और लोग उसकी चपेट में आ गए।
लगातार हो रहे इन हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
