मुरादाबाद। जिले के विद्यार्थियों ने इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जनपद का मान बढ़ाया है। हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में बिलारी स्थित DPS VMIC की छात्रा शिखा दक्ष ने 96.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, कांठ के महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज की छात्रा कनक सिंह और पब्लिक इंटर कॉलेज, पट्टी मूंढा कांठ के छात्र जैद ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों ने 97.70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में भी जिले के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कांठ क्षेत्र के कैसर जहां कयीमुद्दीन इंटर कॉलेज, मान नगर के छात्र अभिषेक ने 96.20 प्रतिशत अंक (500 में से 481) प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों के अनुसार, अभिषेक शुरू से ही अनुशासित और मेहनती छात्र रहे हैं।
इंटरमीडिएट में बिलारी के DPS VMIC स्कूल की छात्रा जान्हवी ने 94.40 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी विद्यालय की कौशिकी ने 93.40 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
कुल मिलाकर, जिले के अन्य विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। बड़ी संख्या में छात्रों ने अच्छे अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। प्रदेश के 75 जिलों में मुरादाबाद ने 7वां स्थान हासिल किया है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
