मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने विकासखंड मुरादाबाद के अंतर्गत संचालित वृहद गौ संरक्षण केंद्र फाजलपुर तथा अस्थायी गौ आश्रय स्थल भटावली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान फाजलपुर गौ संरक्षण केंद्र में 185 तथा भटावली स्थित अस्थायी गौ आश्रय स्थल में 145 गौवंश सुरक्षित पाए गए। दोनों स्थानों पर भूसे और हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित मिली। साथ ही गौ आश्रय स्थल से संबद्ध लगभग 3 हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे की खेती भी की जा रही है।

फाजलपुर गौ संरक्षण केंद्र में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए 4 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान गौवंश को सुरक्षित रखा जा सके। गर्मी से बचाव के लिए शेड के चारों ओर जूट के पर्दे लगाए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि इन पर्दों को हर दो घंटे में भिगोया जाए, ताकि गौवंश को लू से राहत मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने फाजलपुर केंद्र में सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित करने, गौवंश के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा देखभाल करने वाले कर्मचारियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
