ग्रेटर नोएडा में एक निजी विश्वविद्यालय से रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने कैंपस की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ छात्राएं एक अन्य छात्रा के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना दादरी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी की है, जहां कुछ छात्राओं ने मिलकर एक छात्रा को घेर लिया और उसके साथ बदसलूकी की। वायरल वीडियो में छात्रा के बाल खींचने और थप्पड़ मारने जैसी घटनाएं स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है और छात्रों में आक्रोश देखा जा रहा है।
मामले के सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया है। यह समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर 4 से 5 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
वहीं, पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। दादरी की एसीपी प्रशाली गंगवार के अनुसार, वायरल वीडियो करीब 10 से 12 दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक न तो विश्वविद्यालय प्रबंधन और न ही पीड़ित छात्रा की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्राओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रैगिंग जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
