नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के 4 पुलिसकर्मियों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब पुलिस टीम एक स्कॉर्पियो वाहन से एक्सप्रेस-वे पर लौट रही थी।

जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई, जब स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसा इतना गंभीर था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 दरोगा, 2 सिपाही और वाहन चालक शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि जालौन पुलिस की यह टीम एक अपहरण के मामले में दबिश देने के लिए हरियाणा गई थी। कार्रवाई के बाद लौटते समय यह हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वहीं मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
