मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में आज पुलिस विभाग के लिए गर्व का क्षण देखने को मिला, जब निरीक्षक श्रीमती आभा शर्मा को निरीक्षक पद से पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बनाया गया। इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने उन्हें कंधों पर स्टार लगाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस कार्यालय में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आभा शर्मा की अब तक की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है, जो अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक मुनिराज ने कहा कि विभाग में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले अधिकारियों को हमेशा आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने आभा शर्मा को नई जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और जनसेवा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
पदोन्नति के बाद आभा शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने नए पद की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगी तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने आभा शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
