मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 4 से 5 हथियारबंद बदमाशों ने एक पीतल कारोबारी के घर में घुसकर करोड़ों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात पीतल कारोबारी इमरान पुत्र उस्मान के घर में घुसे और पूरे परिवार को कब्जे में ले लिया। आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों की कनपटी पर तमंचा सटाकर उन्हें डराया-धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि कारोबारी ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए घर में बड़ी रकम रखी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पहले से इस रकम की जानकारी थी, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नागफनी पुलिस सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने घटना के जल्द खुलासे का दावा करते हुए कहा है कि कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इलाके में हुई इस बड़ी वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
