पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के मदरसों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त मदरसों में क्लास शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य होगा। सरकार के आदेश के बाद यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू ने फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि जब राज्य के दूसरे सरकारी स्कूलों और संथाली माध्यम स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है, तो मदरसों में इसे लागू करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इसे एक समान शैक्षिक व्यवस्था का हिस्सा बताया।
पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पुराने सभी नियमों और परंपराओं को निरस्त करते हुए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत सरकारी मॉडल मदरसे, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसे, मदरसा शिक्षा केंद्र और शिशु शिक्षा केंद्र भी शामिल होंगे।
इससे पहले राज्य शिक्षा विभाग ने 13 मई को सभी सरकारी स्कूलों में भी प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य करने की अधिसूचना जारी की थी। अगले दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस आदेश को साझा किया था।
शिक्षा विभाग की अधिसूचना में कहा गया था कि स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई शुरू होने से पहले राष्ट्रगीत गाना जरूरी होगा, ताकि छात्रों में देशभक्ति और अनुशासन की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।
