भोपाल में ट्विशा मौत मामले की जांच अपने हाथ में लेते ही सीबीआई ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के पहले दिन सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। अधिकारी तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंचे और घर के अलग-अलग हिस्सों की जांच कर सबूत जुटाने में लगे रहे।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अब मौत से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझने के लिए गिरिबाला सिंह से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभालती नजर आई। यह मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है, जिसके बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
सीबीआई ने सोमवार को राज्य पुलिस की एफआईआर को दोबारा दर्ज किया। इसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, घटना वाली रात ट्विशा ने रात 9:41 बजे अपनी मां से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान पीछे से पति समर्थ सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी, जिसके कुछ देर बाद कॉल अचानक कट गई। परिवार ने जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो सास गिरिबाला सिंह ने फोन उठाकर सिर्फ इतना कहा कि ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं रही। अब सीबीआई इसी आखिरी बातचीत और कथित विवाद की कड़ियों को जोड़कर पूरे मामले की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
