पंजाब में आज स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर मतदान जारी है। राज्य के 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों में सुबह से ही वोटर उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव को लेकर कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) ने सबसे ज्यादा 1,801 उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस के 1,550, बीजेपी के 1,316, शिरोमणि अकाली दल के 1,251 और बसपा के 96 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मुकाबले में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में कुल 35 लाख से ज्यादा मतदाता हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिला वोटरों की भी है।
इसी बीच रायकोट से चुनावी हिंसा की खबर सामने आई है। नगर काउंसिल चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। कांग्रेस ने दावा किया है कि हमला आम आदमी पार्टी विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने किया, हालांकि मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
मोगा नगर निगम के 50 वार्डों में 228 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि कोट ई शेखा नगर पंचायत के 13 वार्डों में 53 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा।
साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे इन निकाय चुनावों को पंजाब की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। वोटिंग को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार ने आज पूरे राज्य में सरकारी अवकाश घोषित किया है। सरकारी दफ्तरों, स्कूल-कॉलेजों के साथ निजी संस्थानों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मतदान के लिए विशेष छूट दी गई है।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। राज्यभर में 740 बूथों को संवेदनशील और 275 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए हजारों चुनाव कर्मियों और पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
