मुरादाबाद। बकरा ईद को लेकर मुरादाबाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को शहर में “राइट टू ट्रैवल” अभियान के तहत भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

फ्लैग मार्च कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर कचहरी रोड, बारादरी, बुध बाजार, टाउन हॉल, चमक का पुल होते हुए इंपीरियल चौराहे तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

फ्लैग मार्च में जिलाधिकारी डॉ. राजेश पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एडिशनल एसपी, नगर निगम, पुलिस प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्रशासन का कहना है कि शहर के कई इलाकों में लगातार जाम, अतिक्रमण और सड़क पर अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए “राइट टू ट्रैवल” अभियान शुरू किया गया है, ताकि आम लोगों को सड़क पर सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेश पेंसिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कें लोगों और वाहनों के आवागमन के लिए होती हैं, नमाज अदा करने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि नमाज मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा की जाए, सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीएम ने यह भी कहा कि पीस कमेटी की बैठक में जो दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और उनकी सार्वजनिक नुमाइश भी नहीं की जाएगी। इसके अलावा किसी भी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं होगी।

अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि बकरा ईद को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर लोग सीधे प्रशासन और पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
