मुरादाबाद। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में पंचायत भवन सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन सोशल मीडिया पर आमजन की गतिविधियों की गंभीरता से मॉनिटरिंग कर रहा है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए त्योहार मनाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करते हुए परंपरागत व्यवस्था का पालन किया जाए और आपसी भाईचारे के साथ बकरीद मनाई जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि खुले में कुर्बानी न की जाए और न ही अवशेष सार्वजनिक स्थानों पर फेंके जाएं। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा न किए जाएं, क्योंकि इससे लोगों की भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।

एसएसपी ने हीट वेव से बचाव को भी जरूरी बताते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के ‘सचेत ऐप’ की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और कहा कि जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि बकरीद के दौरान प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएंगी। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी की पुष्टि स्थानीय पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों से करने की अपील की।

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बकरीद के अवसर पर तीन दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने बताया कि ईदगाहों पर साफ-सफाई, पेयजल और कुर्बानी के बाद सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
इस अवसर पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
