मुरादाबाद। महोबा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ कथित रूप से बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर तथा महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम कुरैशी ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पूरी तरह से सवालों के घेरे में है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महोबा की घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई।
मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम कुरैशी ने कहा कि महोबा में NEET छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने छात्रा के शरीर को सिगरेट से दागकर क्रूरता की सभी सीमाएं पार कर दीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश में “जंगलराज” की स्थिति को दर्शाती हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन तेज करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
