मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak के सरकारी विमान में सोमवार को तकनीकी खराबी आने से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार मुंडा पांडे एयरपोर्ट पर उड़ान भरने की तैयारी के दौरान अचानक विमान का इंजन फेल हो गया। इसी दौरान विमान से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिससे एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लखनऊ रवाना होने वाले थे। विमान रनवे पर तैयार खड़ा था और टेकऑफ की प्रक्रिया शुरू होने ही वाली थी कि अचानक इंजन में खराबी आ गई। तकनीकी टीम ने तत्काल स्थिति को संभाला और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर डिप्टी सीएम को तुरंत विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
विमान में आई खराबी के बाद उपमुख्यमंत्री का यात्रा कार्यक्रम बदला गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए। बताया गया कि उनका काफिला मुंडा पांडे एयरपोर्ट से निकलकर गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ के लिए रवाना हुआ।

घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
