प्रतिदिन हो रहे हादसों पर जताई चिंता, लोक निर्माण विभाग से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुरादाबाद-कांठ रोड स्थित अगवानपुर रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर की जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के ऊपर की सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज गुप्ता ने जिलाधिकारी को बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण वहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गड्ढे और उखड़ी सतह दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, जिससे आम जनता की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
मनोज गुप्ता ने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी करने तथा अगवानपुर रेलवे क्रॉसिंग फ्लाईओवर की सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि लोगों को आवागमन में भी राहत मिलेगी।
