मुरादाबाद। मंगलवार को बुध बाजार क्षेत्र में पुलिस और पीएसी ने बड़ा अभियान चलाते हुए अवैध रूप से लग रहे साप्ताहिक बाजार को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और सड़क किनारे दुकान लगाए बैठे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के बुध बाजार चौकी इलाके में लंबे समय से हर मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जा रहा था। बाजार के चलते मुख्य सड़क पर अवैध कब्जा हो जाता था, जिससे दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय लोगों और राहगीरों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती थी।

मंगलवार को थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटवाया और दुकानदारों को दोबारा सड़क घेरकर बाजार न लगाने की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सड़क पर खड़े अवैध वाहनों और पार्किंग को भी हटवाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बुध बाजार इलाके में हर सप्ताह लगने वाले बाजार की वजह से एंबुलेंस, स्कूल वाहन और आम लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता था। चूंकि यह क्षेत्र स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत आता है, इसलिए सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध कब्जा और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने दुकानदारों से निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
